CHANDIL : बाना गाँव में दो दंतैल हाथियों का हमला, बुजुर्ग बाल-बाल बचे, ग्रामीणों में दहशत…

बिष्णु पद महापात्र 📲 9471102055(wa)
SERAIKELLA : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल वन क्षेत्र अंतर्गत लुपुंगडीह पंचायत के बाना गाँव में बीती रात करीब डेढ़ बजे दो विशालकाय दंतैल हाथियों ने धावा बोल दिया। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों हाथी अचानक गाँव में दाखिल हुए और साठ वर्षीय अर्जुन सिंह सरदार के घर की मिट्टी की दीवार को जोरदार धक्का मारकर गिरा दिया।
घटना के समय अर्जुन सिंह घर के अंदर ही सोए हुए थे। दीवार गिरने से वह मलबे में दब गया। वहीं ऊपर से छज्जा भी उनके ऊपर आ गिरा। सौभाग्यवश छज्जे के नीचे दबे होने के कारण हाथियों की नजर उन पर नहीं पड़ी और वे कुचलने से बच गए।
परिजनों ने बताया कि दीवार गिरने की जोरदार आवाज सुनकर वे जागे और बाहर आकर देखा कि हाथी घर के अंदर रखे चावल और धान को खा रहे हैं। वुजूर्ग अर्जुन सिंह को मलबे में दबा देख ग्रामीणों ने एकजुट होकर मलबा हटाया और उन्हें बाहर निकाला।
बेहोशी की हालत में अर्जुन सिंह को परिजनों व ग्रामीणों की मदद से तत्काल चांडिल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें सामान्य और सुरक्षित बताया।
हालांकि इस घटना के बाद पूरे गाँव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद वन विभाग के अधिकारी या ग्राम पंचायत की मुखिया या उनके प्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मिलने नहीं पहुंचे।
इधर ग्रामीणों ने वन विभाग से उचित मुआवज़ा देने और गाँव में हाथियों से सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के उपाय नहीं किए गए, तो भविष्य में और गंभीर हादसे हो सकते हैं।
