असीम मंडल गिरोह को बड़ा झटका, तीन इनामी नक्सली पुलिस की गिरफ्त में

मुख्य बातें:
सरायकेला-खरसावां जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। दलमा के तराई वाले इलाकों में चलाए गए एक विशेष सर्च ऑपरेशन के दौरान कुख्यात नक्सली सागर सिंह सरदार सहित तीन नक्सलियों को पकड़े जाने की खबर है। हालांकि, पुलिस प्रशासन की ओर से इस संदर्भ में अधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा की जा रही है।
दलमा की तराई में पुलिस का बड़ा ऑपरेशन
चांडिल एवं सरायकेला-खरसावां पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सर्च अभियान के बीच नीमडीह थाना क्षेत्र से सटे दलमा के निचले जंगली इलाकों से शीर्ष इनामी नक्सली सागर सिंह सरदार उर्फ रवि सरदार को दबोचा गया। उसके साथ 15 लाख रुपये के इनामी नक्सली मदन महतो तथा उसकी पत्नी बुलू महतो को भी सुरक्षा बलों ने हिरासत में लिया है।
बताया जा रहा है कि सुरक्षा बल पिछले 10 दिनों से इलाके में लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रहे थे। ये सभी नक्सली सारंडा के जंगलों से भागकर इस क्षेत्र में शरण लिए हुए थे। ये तीनों प्रतिबंधित संगठन के शीर्ष कैडर असीम मंडल के दस्ते में सक्रिय थे। इनकी गिरफ्तारी से असीम मंडल नेटवर्क को बहुत बड़ा झटका लगा है।
चौका में जंगल के रास्ते से गुजरने की मिली थी सूचना
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, खुफिया एजेंसियों को इन नक्सलियों के चौका थाना क्षेत्र के जंगली रास्तों से गुजरने का इनपुट मिला था। सटीक सूचना मिलते ही जिला पुलिस और सुरक्षा बलों ने तुरंत विशेष घेराबंदी की रणनीति बनाई और सर्च अभियान चलाकर तीनों को घेरकर पकड़ लिया। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए तीनों को किसी गुप्त स्थान पर ले जाकर गहन पूछताछ की जा रही है। इस पूछताछ से नक्सली संगठन के नेटवर्क, उनके मददगारों तथा आगामी योजनाओं के बारे में बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
रात में चौका पहुंचे एसपी
घटनाक्रम की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार देर रात सरायकेला-खरसावां के एसपी मनोज स्वर्गियारी खुद स्थिति का जायजा लेने चौका पहुंचे और अभियान की निगरानी की। चौका थाना परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया, जहां कई वरिष्ठ अधिकारी व जवान तैनात रहे। सुरक्षा के दृष्टिकोण से मीडिया के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। पुलिस के आलाधिकारी इस विषय पर फिलहाल आधिकारिक रूप से कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
15 लाख का इनामी था मदन
विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक, पकड़े गए नक्सलियों में मदन महतो पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था, जो अपनी पत्नी बुलू महतो के साथ दस्ते में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। ये तीनों काफी समय से सुरक्षा एजेंसियों की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल थे और क्षेत्र में प्रतिबंधित नक्सली गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे थे।
