Categories

October 28, 2026

Suryoday Samvaad

Nayi Soch Nayi Disha

सांसद जोबा माझी के प्रयास से मृतकों के आश्रितों को मिला एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा, डीसी की उपस्थिति में सांसद ने सौंपा चेक

चक्रधरपुर । आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ले में एक केमिकल फैक्ट्री में मजदूरी करने गये गोइलकेरा के दो युवकों की मौत विस्फोट व आग लगने की घटना में हो गयी थी। सोमवार को सांसद जोबा माझी ने दोनों मृतक मजदूर के आश्रितों को मुआवजा का एक-एक करोड़ रूपये का चेक सौंपा। घटना विगत 23 अगस्त की है। जिसमें गोइलकेरा के दो सहित तीन मजदूरों की झूलसने से जान चली गयी थी।

मृतकों में गोइलकेरा के खजुरिया के रहने वाले लाल सिंह पुरती और कुमारतोडांग के रोया अंगरिया की भी मौत हो गई थी। दोनों मजदूर उसी केमिकल फैक्ट्री में काम करते थे, जहां विस्फोट और अगलगी की घटना हुई थी। आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ले में साइनरजीन एक्टिव इंग्रेडिएंट्स प्राइवेट लिमिटेड में हुई इस घटना की जानकारी मिलने के बाद सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को इससे अवगत कराया। साथ ही उनके निर्देश पर गोइलकेरा के दोनों मृतक मजदूरों के आश्रितों को मुआवजा दिलाने के लिए सरकारी स्तर पर प्रकिया शुरू की गई।

सरकार के निर्देश पर उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने गोइलकेरा के बीडीओ विवेक कुमार के नेतृत्व में एक टीम को आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ले भेजा। जहां से मृतकों के शव को उनके गांव लाने और मुआवजे की व्यवस्था करायी गयी। सोमवार को चाईबासा स्थित समाहरणालय में सांसद जोबा माझी और उपायुक्त कुलदीप चौधरी द्वारा लाल सिंह पुरती की पत्नी चांदु अंगरिया और रोया अंगरिया की पत्नी जानो देवगम को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजे का चेक सौंपा। पीड़ित परिवारों ने दुःख की घड़ी में की गई मदद और मुआवजा दिलाने पर सांसद जोबा माझी व सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। माैके पर गम्हरिया पंचायत के मुखिया उदय चेरवा समेत परिजन उपस्थित रहे।

About Author