डूरंड कप के लिए रांची तैयार, 26 जुलाई से मुकाबले

झारखंड की राजधानी रांची एशिया के सबसे प्राचीन और ऐतिहासिक फुटबॉल टूर्नामेंट, 135वें डूरंड कप के मैचों की मेजबानी करने के लिए पूरी तरह से सज चुकी है। पहली बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का गवाह बनने जा रही रांची में फुटबॉल प्रशंसकों का उत्साह चरम पर है। जिला प्रशासन तथा आयोजन समिति की ओर से सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में ग्रुप-सी का पहला मुकाबला जमशेदपुर एफसी और श्रीलंका की सैन्य टीम ‘डिफेंडर एफसी’ के बीच खेला जाएगा।
तैयारियां पूरी
मैच के सुचारू संचालन के लिए स्टेडियम के मुख्य मैदान, दर्शक दीर्घा, चेंजिंग रूम, मीडिया कक्ष तथा सुरक्षा इंतजामों को अंतिम रूप दे दिया गया है। रविवार को पहला मैच शाम 5:00 बजे शुरू होगा। मुख्य मुकाबले से ठीक पहले, दोपहर 3:50 बजे से 4:50 बजे तक एक घंटे का विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें दर्शक झारखंड की समृद्ध जनजातीय व पारंपरिक कला और संस्कृति की मनमोहक झलक देख सकेंगे।
डिफेंडर एफसी ने किया अभ्यास
ओपनिंग मैच से पूर्व शुक्रवार को श्रीलंका की ‘डिफेंडर एफसी’ टीम ने बिरसा मुंडा स्टेडियम के मैदान पर कई घंटों तक कड़ा अभ्यास सत्र पूरा किया। इस दौरान खिलाड़ियों ने पिच की परिस्थितियों और रांची के मौसम से तालमेल बिठाया। यह पहला मौका है जब श्रीलंका की यह टीम डूरंड कप में भागीदारी कर रही है।
आज पहुंचेगा जमशेदपुर एफसी
रविवार के उद्घाटन मैच में श्रीलंका की टीम का सामना इंडियन सुपर लीग (ISL) की प्रमुख फ्रेंचाइजी जमशेदपुर एफसी से होगा। जमशेदपुर एफसी की टीम शनिवार को रांची पहुंचेगी। इस टीम में झारखंड के 5 स्थानीय खिलाड़ियों को जगह दी गई है, जिसको लेकर स्थानीय फुटबॉल प्रशंसकों में विशेष उमंग और उत्साह देखने को मिल रहा है।
