Gamharia : गम्हारिया में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: रेस्टोरेंट से 08 किलो मिलावटी पनीर नष्ट, संचालकों को कड़े निर्देश…

बिष्णु पद महापात्र 📲 9471102055 (wa)
सरायकेला : खाद्य सुरक्षा विभाग ने गत बुधवार को गम्हारिया क्षेत्र में संचालित विभिन्न रेस्टोरेंटों पर औचक जांच अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्री सुबीर रंजन के नेतृत्व में किए गए इस निरीक्षण के दौरान स्वच्छता व्यवस्था, खाद्य भंडारण पद्धति तथा रसोई में उपयोग किए जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की विस्तृत जांच की गई।
जांच के दौरान एक रेस्टोरेंट से पनीर का नमूना लिया गया। प्रारंभिक जांच में पनीर मिलावटी पाया गया, जिसके बाद कुल 08 किलोग्राम पनीर को तत्काल नष्ट कराया गया। विभाग ने इसे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बताते हुए सख्त असंतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के उपरांत सभी रेस्टोरेंट संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि—
खाद्य सामग्री केवल प्रमाणित एवं विश्वसनीय स्रोतों से ही क्रय करें।
एक्सपायर्ड, बिना लेबल या संदिग्ध सामग्री का उपयोग बिल्कुल न करें।
किचन एवं भंडारण क्षेत्र की नियमित स्वच्छता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।
खाद्य पदार्थों को सदैव ढककर सुरक्षित रखें।
कर्मचारियों द्वारा स्वच्छ वर्दी, हैंडग्लव्स और हेडकवर का उपयोग अनिवार्य कराया जाए।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने चेतावनी दी कि भविष्य में मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
