Categories

Recent Posts

November 4, 2026

Suryoday Samvaad

Nayi Soch Nayi Disha

माननीय मंत्री श्री चंपई सोरेन के द्वारा जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में ऑडिटोरियम और कंप्यूटर लैब का उदघाटन

14 अगस्त 2024 को जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के बिष्टुपुर परिसर में खरकई ऑडिटोरियम, आर्यभट्ट उन्नत कंप्यूटर लैब और स्मार्ट सेमिनार हॉल का उदघाटन माननीय शिक्षा मंत्री श्री चंपई सोरेन जी के द्वारा हुआ। इस महत्वपूर्ण अवसर पर झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा और जल संसाधन विभाग के माननीय मंत्री, श्री चंपई सोरेन जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। माननीय मंत्री श्री चंपई सोरेन का विश्वविद्यालय में बड़े ही गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।

इस स्वागत समारोह में स्थानीय आदिवासी नृत्य और एनएसएस के छात्राओं द्वारा की गई तालियों से माहौल और भी उल्लासमय हो गया।इसके बाद, दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर डॉ० सनातन दीप एवं संगीत विभाग की छात्राओं द्वारा कुलगीत प्रस्तुत किया गया, जिसने सभी उपस्थित लोगों के मन में एक विशेष ऊर्जा का संचार किया।माननीय मंत्री श्री चंपई सोरेन को माननीय कुलपति प्रो० डॉ० अंजिला गुप्ता द्वारा प्रशस्ति पत्र , शॉल, स्मृति चिह्न और एक पौधा देकर सम्मानित किया गया।

माननीय मंत्री ने खरकई ऑडिटोरियम, आर्यभट्ट उन्नत कंप्यूटर लैब और स्मार्ट सेमिनार हॉल का विधिवत उदघाटन किया। यह उदघाटन विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और तकनीकी अधोसंरचना में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। कार्यक्रम के समन्वयक डॉ सलोमी कुजुर् द्वारा स्वागत भाषण दिया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के विकास और छात्रों के भविष्य को लेकर उनके विचार साझा किए गए। माननीय .कुलपति महोदय ने अपने संबोधन में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि श्री चंपई सोरेन ने अपने संबोधन में विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना की और झारखंड राज्य में उच्च शिक्षा के विकास की दिशा में सरकार की भूमिका का उल्लेख किया । साथ ही इस बात को भी उजागर किया कि राज्य के विकास में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं कृषि की अहम भूमिका है। शिक्षा के द्वारा ही झारखण्ड का विकास संभव है। ।

इस अवसर पर रजिस्ट्रार ने धन्यवाद ज्ञापन किया, जिसमें उन्होंने सभी अतिथियों, विश्वविद्यालय के कर्मचारियों और छात्रों का आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसने सभी उपस्थित लोगों को देशभक्ति की भावना से अभिभूत कर दिया।यह उदघाटन समारोह विश्वविद्यालय के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज होगा, जिसने छात्रों के लिए उन्नत सुविधाओं और बेहतर शैक्षणिक माहौल का मार्ग प्रशस्त किया हैं । इस अवसर पर छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ किश्वर आरा , वित्त पदाधिकारी डॉ जावेद अहमद, परीक्षा नियंत्रक डॉ रमा सुब्रहमण्यम , डॉ सबीहा युनूस, डीन वाणिज्य डॉ दीपा शरण, सभी शिक्षकगण , शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं छात्राएँ उपस्थित थे ।

About Author