मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का आकस्मिक निधन, झामुमो की अपूरणीय क्षति : के.पी. सोरेन

सरायकेला/राजनगर,
06 सितंबर, 2026,
रविवार (भाग्य सागर):
झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, कला संस्कृति, पर्यटन एवं युवा खेलकूद विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के हृदयाघात से आकस्मिक निधन की खबर से झामुमो कार्यकर्ताओं सहित समर्थकों में शोक की लहर है।
झामुमो प्रखंड कार्यालय, राजनगर
में रविवार को प्रखंड उपाध्यक्ष भक्तु मार्डी की अध्यक्षता में एक शोक सभा आयोजित कर दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की गयी।
मौके पर झामुमो के वरीय नेता कालीपद सोरेन ने कहा कि मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का आकस्मिक एवं असामयिक निधन पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। वे एक जिम्मेदार, काबिल और कर्मठ मंत्री थे। उन्होंने सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारियों संभाला और अपने कार्यों से एक अलग पहचान बनाई। उन्होंने कहा सुदिव्य कुमार सोनू झामुमो के कद्दावर नेताओं में शामिल थे। उनके असामयिक निधन से पूरा झामुमो परिवार मर्माहत है, उनके निधन से पार्टी को बड़ा आघात लगा है, संगठन को हुई इस क्षति की भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने कहा झामुमो का प्रत्येक कार्यकर्ता शोकाकुल परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।
शोकसभा में झामुमो केंद्रीय सदस्य विशु हेंब्रम, बुद्धिजीवी मोर्चा जिलाध्यक्ष दुर्गालाल मुर्मू, रिंकू राउत, सीताराम हांसदा, मुनीराम हेंब्रम, सिबिल देवगम, धनु टुडू, सुखलाल मुर्मू, चतुर हेंब्रम सहित काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।


