NIMDIH : झिमड़ी हिंसा की पीड़ितों को मिली सरकारी लाभ और सुविधा…

बिष्णु पद महापात्र 📲 9471102055 (wa)
SERAIKELLA : सरायकेला खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के झिमडी गाँव में घटी घटना के बाद से ही प्रशासन गांव पर पैनी नजर बनाए हुए है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। अब गांव की स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है और लोग आपसी तालमेल के साथ काम करने लगे हैं यह बातें अनुमण्डल कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में चांडिल एसडीओ विकास कुमार राय ने गत सोमवार को कहीं।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद दोनों पीड़ित परिवारों को सरकारी लाभ मुहैया कराया गया है। घटना के दौरान आक्रोशित भीड़ ने आरोपी तस्लीम के मकान को जला दिया था। वहीं प्रशासन ने तस्लीम के परिवार को एक लाख 20 हजार रुपये मुआवजा राशि दी है।
एसडीओ ने बताया कि पीड़ित युवती का इलाज जमशेदपुर के बड़े अस्पताल में कराया जा रहा है। उसकी उच्च शिक्षा के लिए पॉलिटेक्निक कॉलेज में नामांकन कराया गया है। युवती जब तक पढ़ना चाहेगी तब तक पढ़ाई का पूरा खर्च प्रशासन उठाएगा।
इसके साथ ही युवती को मंईयां सम्मान योजना से जोड़ दिया गया है एवं युवती की मां को बकरी पालन योजना के तहत चार बकरी, एक बकरा और एक गाय एवं एक बछड़ा दिया गया है। उन्होंने बताया कि श्रम कार्ड पंजीकरण भी युवती की मां के नाम से कराया गया है तथा युवती के छोटे भाई को अनाथ योजना व वात्सल्य योजना के तहत प्रतिमाह चार हजार रुपये दिए जाएंगे। 18 वर्ष के होने तक उसे इस योजना का लाभ मिलता रहेगा।
