Seraikella : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 : तृतीय दिवस पर राजनगर बाईपास में वाहन सुरक्षा जांच व जागरूकता अभियान…

बिष्णु पद महापात्र 📲 9471102055 (wa)
सरायकेला : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तृतीय दिवस पर जिला परिवहन विभाग, सरायकेला–खरसावाँ द्वारा राजनगर बाईपास रोड पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप इंस्टॉलेशन एवं वाहन सुरक्षा जांच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो ने किया।
इस दौरान भारी वाहनों में मानक अनुरूप रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप, हेडलाइट, टेललाइट तथा प्रकाश व्यवस्था की जांच की गई। मोटरयान निरीक्षकों ने चालकों को रात्रिकालीन दृश्यता बढ़ाने, वाहनों की नियमित तकनीकी जांच कराने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने के प्रति जागरूक किया।
पदाधिकारियों ने वाहन चालकों को सुरक्षित गति, लेन अनुशासन और हेल्पर-ड्राइवर समन्वय के दायित्वों से अवगत कराया, वहीं राहगीरों को सुरक्षित पारपथ के उपयोग और यातायात संकेतों के पालन का संदेश दिया गया। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और सुरक्षित, सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
अभियान में मोटरयान निरीक्षक दिलीप कुमार, रवि प्रसाद तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े विभागीय कर्मी उपस्थित रहे।
