उल्लास साक्षरता पखवाड़ा कार्यक्रम को लेकर जूम मीटिंग आयोजित

सरायकेला-खरसावां, 26अगस्त, 2026, बुधवार(भाग्य सागर):
उल्लास साक्षरता पखवाड़ा कार्यक्रम को लेकर जिला शिक्षा अधीक्षक सह उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के सचिव अमित कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में एक जूम मीटिंग का आयोजन किया गया, जिसमें सभी प्रखंडों के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, बीपीओ, बीआरपी, MIS कोऑर्डिनेटर जुड़े। जिला शिक्षा अधीक्षक ने कहा पखवाड़ा में सभी प्रखंड लक्ष्य के अनुरूप शिक्षार्थियों का पंजीकरण करें, कोई भी न छूटे साथ ही उल्लास के बारे में व्यापक प्रचार प्रसार हो। विशेषकर सुदूरवर्ती क्षेत्रों में इस कार्यक्रम को गंभीरता से संचालित किया जाय। उन्होंने कहा जो प्रखंड पखवाड़ा में सबसे अधिक पंजीकरण करेगा तथा सबसे अधिक प्रचार प्रसार करेगा उस प्रखंड को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के जिला नोडल पदाधिकारी तरुण कुमार सिंह द्वारा सभी प्रखंडों से कार्य प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने एक से चौदह सितंबर तक तिथिवार कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा पखवाड़ा के दौरान प्रत्येक प्रखंड में एक सेल बनेगा जहां से प्रखंड स्तर पर कार्यक्रम की निगरानी, मॉनिटरिंग, कवरेज किया जाएगा। जिले के सभी शिक्षक उल्लास हेज टैग पर सोशल मीडिया कैंपेन में भाग लेंगे। इस पर रेडियो जिंगल से भी प्रचार प्रसार होगा साथ ही जिला स्तर पर डॉक्यूमेंट्री भी बनाया जाएगा।


